enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश बाणसागर बांध से आज सुबह छोड़ा जाएगा पानी, सोन नदी किनारे बसे गांवों को अलर्ट

बाणसागर बांध से आज सुबह छोड़ा जाएगा पानी, सोन नदी किनारे बसे गांवों को अलर्ट

सतना/सीधी(ईन्यूज एमपी)- खरीफ सिंचाई वर्ष 2026 की तैयारियों के तहत बाणसागर परियोजना से 2 जून की सुबह 6 बजे पानी छोड़ा जाएगा। बाणसागर पक्का बांध संभाग क्रमांक-3 देवलोंद द्वारा जारी आदेश के बाद सोन नदी के किनारे बसे गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने नदी तट के निवासियों, पशुपालकों और किसानों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार सिंचाई एवं जल प्रबंधन की आवश्यकताओं को देखते हुए बांध से नियंत्रित मात्रा में जल छोड़ा जाएगा। इसके चलते सोन नदी के जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना है। प्रशासन ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों को नदी में न उतरने, मछली पकड़ने और पशुओं को नदी के समीप न ले जाने की सलाह दी है।

बाणसागर बांध से पानी छोड़े जाने का असर सतना, रीवा, सीधी और सोन नदी के तटीय क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। जल संसाधन विभाग ने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने तथा नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी और सूचना प्रसारित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन तथा संबंधित विभागों से संपर्क करने की अपील की है। जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए नदी तटीय क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

Share:

Leave a Comment