सीधी(ईन्यूज एमपी)- प्रदेश में बढ़ती महंगाई को लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए पेट्रोल और डीजल पर लगाए जाने वाले राज्य करों में 50 प्रतिशत कटौती की मांग की है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है और सरकार को तत्काल राहतकारी कदम उठाने चाहिए। जारी प्रेस विज्ञप्ति में अजय सिंह ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई लगातार वृद्धि का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ा है, जिसके कारण बाजार में आवश्यक वस्तुओं और खाद्यान्नों के दाम काफी बढ़ गए हैं। इससे आम लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पेट्रोल-डीजल पर वेट टैक्स में तत्काल 50 प्रतिशत की कटौती की जाए। उनका कहना है कि ऐसा होने पर परिवहन लागत कम होगी और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी कमी आएगी। अजय सिंह ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से गेहूं, चावल, दाल, खाद्य तेल और शक्कर जैसी जरूरी वस्तुएं नियंत्रित दरों पर उपलब्ध कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। घर का खर्च चलाने के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करना भी कठिन होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण लोगों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अजय सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने करों में कमी और सस्ते राशन जैसी राहतकारी व्यवस्थाएं नहीं कीं, तो जनता आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर हो सकती है।