भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा “सार्थक-पीडीएस फेज-2” के लिए 25 हजार 530 करोड़ रुपए की मंजूरी दिए जाने पर आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “राशन परिवहन और प्रबंधन में सहायता- सार्वजनिक वितरण प्रणाली में स्वचालन के साथ आय” योजना गरीब कल्याण और पारदर्शिता की दिशा में एक सराहनीय पहल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सार्थक-पीडीएस योजना के अंतर्गत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से राशन वितरण व्यवस्था और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह निर्णय गरीबों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सोच को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को तकनीक आधारित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें लागू की गई हैं। इनमें टीपीडीएस का पूर्ण कम्प्यूटरीकरण, पीडीएस का एकीकृत प्रबंधन (आईएम-पीडीएस), स्मार्ट पीडीएस, “मेरा राशन”, “अन्न मित्र”, “राइटफुल टारगेटिंग डैशबोर्ड” और “अन्न सहायता” जैसी नागरिक केंद्रित योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि राशन कार्डों का डिजिटलीकरण, आधार सीडिंग, ई-पीओएस मशीनों के माध्यम से उचित मूल्य दुकानों का स्वचालन, ऑनलाइन आवंटन और कम्प्यूटरीकृत आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन जैसी तकनीकी सुधारों से देशभर में पीडीएस व्यवस्था को मजबूत किया गया है।