सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जूरी में मंगलवार शाम पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष जन चौपाल एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। गांव के बगीचे में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी स्वयं पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शाम 6 बजे से 7 बजे तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। जन चौपाल में ग्राम पंचायत की सरपंच अनीता सिंह, कलेश्वर प्रजापति, आक्रमण सिंह, दीनेन्द्र सिंह, जगजीवन सिंह, शिव प्रसाद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी भी पुलिस टीम के साथ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से आवेदन पत्रों के माध्यम से शिकायतें प्राप्त की गईं। कई ग्रामीणों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन पुलिस अधीक्षक को सौंपे। इस पर एसपी संतोष कोरी ने संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी को दिए। जनसुनवाई के दौरान एसपी ने ग्रामीणों को नशा मुक्ति अभियान, कानून व्यवस्था और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या ओटीपी को साझा करने से बचें तथा ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। एसपी संतोष कोरी ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से इस तरह के जन चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं।