उज्जैन (ईन्यूज़ एमपी)- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में महिला कर्मयोगी बहनों को निःशुल्क ई-साइकिलें वितरित कर महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की। सीएसआर फंड के माध्यम से उपलब्ध कराई गई 40 ई-साइकिलों का वितरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की ओर अग्रसर है और मध्यप्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के दौर में इलेक्ट्रिक वाहन सबसे बेहतर विकल्प बनकर उभरे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ई-साइकिलें महिला कर्मयोगियों की दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाने के साथ उन्हें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भी प्रदान करेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण के क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि जल गंगा संरक्षण महाभियान के तहत प्रदेशभर में लगभग दो लाख से अधिक कार्य संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के प्रयासों के कारण मध्यप्रदेश को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने धार की भोजशाला में गंगा दशहरा उत्सव के सफल आयोजन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भोजशाला को लेकर उच्च न्यायालय के निर्णय का सभी वर्गों ने सम्मान किया है और राज्य सरकार न्यायालय के आदेशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रही है।