शिवपुरी (ईन्यूज़ एमपी) पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने शिवपुरी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में वर्षों से किसानों, व्यापारियों और मजदूरों की जमा राशि फंसे होने के मामले को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हजारों जमाकर्ता अपनी ही गाढ़ी कमाई वापस पाने के लिए वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति उदासीन बना हुआ है। अजय सिंह ने कहा कि लोगों को बेटियों के विवाह, इलाज और कृषि कार्यों के लिए अपनी जमा राशि निकालने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों के बावजूद न तो स्थानीय प्रशासन और न ही राज्य सरकार ने कोई ठोस पहल की है। उन्होंने कहा कि यदि बैंक की वित्तीय स्थिति खराब होने के पीछे अनियमितताएं जिम्मेदार हैं, तो दोषियों के खिलाफ अब तक सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि राज्य सरकार तत्काल हस्तक्षेप कर विशेष राहत पैकेज जारी करे, ताकि जमाकर्ताओं को उनकी राशि वापस मिल सके तथा जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।