पन्ना। जिले के अजयगढ़ क्षेत्र में मंगलवार को कुएं की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में खेत पर खुदाई के समय अचानक मिट्टी धंसने से 5 मजदूर कुएं के अंदर दब गए। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। जानकारी के अनुसार बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले करीब 10 दिनों से 7 मजदूर कुएं की खुदाई कर रहे थे। मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए थे, तभी अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर धंस गई। अंदर काम कर रहे 5 मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में दबे मजदूरों की पहचान चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल सहित अन्य के रूप में हुई है। रेस्क्यू अभियान के दौरान राजकुमार यादव का शव बाहर निकाल लिया गया, जबकि बाकी 4 मजदूरों की तलाश और बचाव कार्य जारी है। घटना के बाद मौके पर पुलिस टीम, राजस्व विभाग और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। प्रशासन द्वारा जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य लगातार चलाया जा रहा है। हादसे ने खड़े किए कई सवाल स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर कुएं की खुदाई की जा रही थी, वहां की मिट्टी काफी भुसभुसी और कमजोर थी। ऐसे में बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और तकनीकी परीक्षण के गहरी खुदाई करना जोखिम भरा माना जा रहा है। हादसे के बाद कई गंभीर सवाल उठने लगे हैं। क्या कुएं की खुदाई के लिए तकनीकी निरीक्षण कराया गया था? क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया? और यह कार्य निजी स्तर पर कराया जा रहा था या किसी शासकीय योजना के तहत? एक मजदूर की मौत और चार लोगों के जिंदगी-मौत के संघर्ष के बीच यह मामला अब संभावित लापरवाही और जवाबदेही का विषय बन गया है। प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है।