भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। शनिवार को छतरपुर जिले के नौगांव और खजुराहो प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहे। नौगांव में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस और खजुराहो में 45.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चार दिनों तक प्रदेशवासियों को तेज गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने रविवार के लिए टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू (सीवियर हीटवेव) का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा दतिया, निवाड़ी, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, नीमच, मंदसौर और रतलाम सहित 22 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में भी तेज गर्मी का असर बना रहेगा। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप में लंबे समय तक रहने से परहेज करने की सलाह दी है। लगातार बढ़ते तापमान के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है और अस्पतालों में भी गर्मी से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।