भोपाल/सीधी(ईन्यूज़ एमपी): सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कसिहवा में हुए दर्दनाक अग्निकांड में तीन मासूम बच्चों की मौत पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए मृतक बच्चों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्राम कसिहवा में शॉर्ट सर्किट से हुए हादसे में तीन बच्चों की मृत्यु का समाचार बेहद दुखद है। उन्होंने दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। मुख्यमंत्री ने संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करते हुए राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक बच्चे के परिजन को 6-6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा जिला रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से भी 20-20 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की जाएगी। गौरतलब है कि शुक्रवार दोपहर ग्राम कसिहवा में बिजली के खंभे के ज्वाइंटर में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारियों के कारण घर के आसपास रखी सूखी पत्तियों और झाड़ियों में आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने रामरतन साकेत के खपरैल मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे और घर में मौजूद दो बेटियों तथा एक बेटे की आग में झुलसने से मौत हो गई। घटना के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई शुरू की गई। मुख्यमंत्री की आर्थिक सहायता घोषणा के बाद शोकाकुल परिवार को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।