भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में नौतपा की शुरुआत 25 मई से होने जा रही है, लेकिन उससे पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। प्रदेश के ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और उज्जैन संभाग इन दिनों हीटवेव की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 42 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार आने वाले दिनों में तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा। टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ग्वालियर सहित 21 जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा 18 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को प्रदेश के 10 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। छतरपुर जिले के नौगांव और खजुराहो प्रदेश में सबसे गर्म रहे। नौगांव में तापमान 46.8 डिग्री और खजुराहो में 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। टीकमगढ़ और सतना में 44.5 डिग्री, दतिया में 44.4 डिग्री, नरसिंहपुर और दमोह में 44.2 डिग्री तथा सागर और राजगढ़ में 44 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश के पांच बड़े शहरों में जबलपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 43.7 डिग्री, भोपाल में 42.2 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच गया। मौसम विभाग ने टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, निवाड़ी, कटनी, उमरिया, मैहर, सतना, मऊगंज और रीवा में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, उज्जैन, सीधी, सिंगरौली, जबलपुर समेत 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी कर सावधानी बरतने को कहा गया है। वहीं इंदौर, देवास, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, नर्मदापुरम, बैतूल और बालाघाट सहित 13 जिलों में तेज गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा के दौरान तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।