सीधी(ईन्यूज एमपी)-रीवा जोन में चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रहार 2.0” के तहत सीधी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने स्कूल परिसर में संचालित अवैध नशे के कारोबार का खुलासा करते हुए 208 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप और एक आल्टो कार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत के निर्देश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र श्री हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव तथा डीएसपी मुख्यालय अमन मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली और जमोड़ी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि गजराज स्कूल परिसर के आसपास अवैध नशीली कफ सिरप की बिक्री की जा रही है तथा स्कूल के कमरों में बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्कूल परिसर में दबिश दी, जहां से अमन सिंह चौहान (25) निवासी अमरवाह थाना जमोड़ी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी स्वयं को गजराज स्कूल का डायरेक्टर बता रहा था। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी स्कूल भवन और कमरों का उपयोग नशे के कारोबार के लिए स्टोर रूम और अड्डे के रूप में कर रहा था। आरोपी अपने साथियों के साथ आल्टो कार क्रमांक MP18CA2926 से नशीली कफ सिरप ले जाकर बिक्री करता था। तलाशी के दौरान पुलिस ने स्कूल परिसर और वाहन से कुल 208 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 52 हजार रुपये बताई गई है। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने कफ सिरप और वाहन जब्त कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों आशू केवट, प्रिंस मिश्रा, अम्बिकेश सिंह गोंड, नवीन नामदेव और अमन सोधिया के नाम बताए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट तथा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए संबंधित स्कूल की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने कहा कि स्कूल और शैक्षणिक संस्थान बच्चों के भविष्य निर्माण के केंद्र होते हैं। ऐसी संस्थाओं की आड़ में नशे का अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि कहीं भी इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।