भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को मंत्रालय में विभिन्न विभागों की लगातार समीक्षा बैठकें लेंगे। मुख्यमंत्री आज स्कूल शिक्षा, परिवहन, सहकारिता, जनजातीय कार्य, पशुपालन और लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यों की समीक्षा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:50 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक होगी। दोपहर 12 बजे परिवहन विभाग तथा 1 बजे सहकारिता विभाग की समीक्षा की जाएगी। दोपहर 2:30 बजे से 3 बजे तक का समय मुलाकात के लिए आरक्षित रखा गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री 3 बजे जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा करेंगे। शाम 4 बजे पशुपालन विभाग और 5 बजे लोक निर्माण विभाग (PWD) की समीक्षा बैठक आयोजित होगी। बैठकों में विभागीय योजनाओं की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता, बजट उपयोग तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री विभागीय अधिकारियों को कार्यों में तेजी और बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश भी दे सकते हैं।