भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में एआई आधारित डिजिटल परिवर्तन और स्मार्ट गवर्नेंस को नई गति देने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार 20 मई को भोपाल में गूगल के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ उच्च स्तरीय रणनीतिक बैठक करेंगे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के समन्वय से आयोजित इस बैठक में तकनीक आधारित विकास और डिजिटल नवाचार पर विस्तृत चर्चा होगी। बैठक में गूगल क्लाउड इंडिया के निदेशक (पब्लिक सेक्टर) आशीष वाट्टल, एपीएसी क्षेत्र के निदेशक (स्ट्रेटेजिक एंगेजमेंट्स) मदन ओबेरॉय सहित सिंगापुर से गूगल क्लाउड के वैश्विक प्रतिनिधि, हेल्थकेयर एआई एवं डिजिटल अवसंरचना विशेषज्ञ तथा राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक के दौरान मध्यप्रदेश और गूगल के बीच दीर्घकालिक तकनीकी साझेदारी, उन्नत क्लाउड तकनीकों और एआई आधारित समाधानों के उपयोग पर विचार किया जाएगा। साथ ही डिजिटल गवर्नेंस को अधिक प्रभावी बनाने, जनसेवाओं को सरल एवं सुगम बनाने तथा तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने की रणनीति पर चर्चा होगी। सिंहस्थ-2028 के तकनीक आधारित प्रबंधन, स्मार्ट भीड़ नियंत्रण, एआई आधारित स्मार्ट पुलिसिंग और डेटा आधारित निगरानी व्यवस्था को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है। इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में एआई आधारित रोग पहचान प्रणाली, कृषि क्षेत्र में किसानों को डिजिटल सेवाओं की बेहतर पहुंच तथा शिक्षा में एआई आधारित शिक्षण और कौशल विकास पर भी मंथन किया जाएगा। बैठक में एआई स्किलिंग, एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, स्टार्टअप इकोसिस्टम और पर्यावरण संरक्षण के लिए उन्नत तकनीकों के उपयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। माना जा रहा है कि यह बैठक मध्यप्रदेश और गूगल के बीच तकनीकी सहयोग को नई दिशा देने के साथ प्रदेश को नवाचार और अत्याधुनिक तकनीक आधारित विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।