भोपाल(ईन्यूज एमपी)- देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार से 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है। एक सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी बार दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 15 मई को ईंधन के दामों में 3-3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी, जिससे आम जनता पर महंगाई का असर और बढ़ गया है। नई दरों के अनुसार भोपाल में पेट्रोल 110.75 रुपए और डीजल 95.91 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इंदौर और जबलपुर में पेट्रोल 110.79 रुपए, ग्वालियर में 110.69 रुपए और उज्जैन में 111.27 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं डीजल उज्जैन में 96.40 रुपए, इंदौर में 95.97 रुपए, जबलपुर में 95.98 रुपए और ग्वालियर में 95.86 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। ईंधन महंगा होने से अब रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। परिवहन लागत बढ़ने से सब्जी, फल और राशन महंगे हो सकते हैं। वहीं किसानों के लिए खेती की लागत भी बढ़ेगी, क्योंकि ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने में अधिक खर्च आएगा। इसके अलावा बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी इजाफा संभव है। विशेषज्ञों के अनुसार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी है। पहले जहां क्रूड ऑयल करीब 70 डॉलर प्रति बैरल था, वहीं अब यह 100 डॉलर के पार पहुंच गया है। इसके चलते तेल कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ा है और घाटे की भरपाई के लिए कीमतें बढ़ाई जा रही हैं। देश में ईंधन की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव और डॉलर के मुकाबले रुपए की स्थिति के आधार पर तय होती हैं। इसके अलावा रिफाइनिंग लागत, केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और राज्य सरकारों द्वारा लगाए जाने वाले वैट के कारण उपभोक्ताओं तक पहुंचते-पहुंचते कीमतें काफी बढ़ जाती हैं। यही वजह है कि अलग-अलग राज्यों और शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम अलग-अलग होते हैं। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहता है, तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और इजाफा हो सकता है, जिससे महंगाई पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की संभावना है।