enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मंत्रियों का ‘मिड टर्म एग्जाम’ आज: सीएम हाउस में वन-टू-वन समीक्षा, कामकाज का होगा पूरा लेखा-जोखा

मंत्रियों का ‘मिड टर्म एग्जाम’ आज: सीएम हाउस में वन-टू-वन समीक्षा, कामकाज का होगा पूरा लेखा-जोखा

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश सरकार में मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा का दौर जारी है। इसी कड़ी में आज 11 मंत्रियों का ‘मिड टर्म एग्जाम’ लिया जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उनसे वन-टू-वन चर्चा कर उनके विभागीय कार्यों का विस्तृत आकलन कर रहे हैं। इससे पहले बीते दिन 20 मंत्री अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार, सुबह 9 से 11 बजे तक सीएम हाउस में यह समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें मंत्रियों को एक-एक कर बुलाकर उनके कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली जा रही है। इस दौरान सरकार के वचन पत्र, निर्धारित लक्ष्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

बैठक में मंत्रियों से न केवल उनके विभागीय कामकाज बल्कि संगठन से समन्वय, प्रभार वाले जिलों और अपने गृह जिलों में राजनीतिक व प्रशासनिक सक्रियता को लेकर भी सवाल पूछे जा रहे हैं। खास तौर पर उन विधानसभा सीटों पर किए गए कार्यों का भी आकलन किया जा रहा है, जहां पार्टी को पिछली बार हार का सामना करना पड़ा था।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मंत्रियों के प्रदर्शन के आधार पर आगे की रणनीति तय कर सकते हैं। इस समीक्षा को संभावित कैबिनेट विस्तार और फेरबदल से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जिससे मंत्रियों में सक्रियता और जवाबदेही दोनों बढ़ी है।

सरकार के इस ‘मिड टर्म एग्जाम’ को प्रशासनिक कसावट और राजनीतिक संतुलन साधने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Share:

Leave a Comment