बैतूल(ईन्यूज एमपी)- जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर 35 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो के हाथ-पैर टूटने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार घटना शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे ग्राम गुदगांव और धामनगांव के बीच मोड़ पर हुई। कार (क्रेटा) में सवार राहुल (36) निवासी अडवी जिला अमरावती, कृष्णा बोकदे (36) निवासी कन्नौद और सत्यम तोमर (35) निवासी मुरैना किसी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ता भटकने और मोड़ पर नियंत्रण खोने से वाहन करीब 10 फीट ढलान पार करते हुए सड़क से लगभग 20 फीट दूर स्थित कुएं में गिर गया। हादसे के बाद एक युवक ने साहस का परिचय देते हुए खुद को कुएं से बाहर निकाला और पास के खेतों में सो रहे ग्रामीणों को जगाकर मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कुएं में फंसे अन्य दो युवकों को बाहर निकाला गया। कुएं में करीब तीन फीट पानी भरा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। एक युवक कार के गेट में फंसा हुआ था, जिसे काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। भैंसदेही थाना प्रभारी राजेश सातनकर और एसआई आशीष कुमरे के नेतृत्व में चलाए गए इस बचाव अभियान में पुलिस जवानों के साथ स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और रास्ता भटकना माना जा रहा है।