भोपाल/उज्जैन(ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर में रोड चौड़ीकरण और रामघाट पर किए जा रहे कार्यों को देखा और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पूरी योजना के साथ कार्य कर रही है, ताकि शहर और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को दीर्घकालीन लाभ मिल सके। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि सरकार सभी कार्यों की बारीकी से निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी 30 जून को क्षिप्रा-गंगा दशहरा के अवसर पर पूरे प्रदेश में सामूहिक श्रमदान का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नदी, नहर, कुएं, बावड़ी और तालाबों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि जल संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है और यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण को लेकर प्रदेश में वर्षों से परंपराएं चली आ रही हैं और रामघाट से क्षिप्रा परिक्रमा तथा गंगा दशहरा जैसे आयोजन इसी का उदाहरण हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी गंगा दशमी का पर्व पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश में जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और भविष्य में इसे और गति दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार विकास कार्यों के माध्यम से जनता की सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी निर्माण कार्यों को इस प्रकार किया जा रहा है कि उनका दूरगामी लाभ मिले। उन्होंने कहा कि उज्जैन एक ऐतिहासिक और पौराणिक नगरी है और यहां के जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और जनता के सहयोग से विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें इस पर गर्व है।