भोपाल/उज्जैन(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन स्थित मक्सी रोड पर जय गुरुदेव आश्रम पहुंचकर गुरुदेव उमाकांत महाराज से भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने गुरुदेव के अमृत प्रवचन का श्रवण किया। आश्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से सिंहस्थ जैसा माहौल देखने को मिला। गुरुदेव उमाकांत महाराज ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए कहा कि डॉ. मोहन यादव लंबे समय से आश्रम से जुड़े रहे हैं और मुख्यमंत्री बनने के बाद भी अपनी व्यस्तता के बीच यहां आना उनकी आस्था को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यों के माध्यम से मुख्यमंत्री अब जनता के भी लाडले बन चुके हैं और उन्हें सत्य, सनातन व अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए जनसेवा करते रहना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुदेव के निर्देश पर मंच से लाखों अनुयायियों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरुदेव का उज्जैन आगमन प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि गुरुदेव के दर्शन से ऐसा अनुभव होता है मानो स्वयं ईश्वर के दर्शन हो रहे हों और उनके मार्गदर्शन से जीवन को सही दिशा मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुदेव के आशीर्वाद से ही वे प्रदेश की जनता की समर्पित भाव से सेवा में लगे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गौशालाओं के संरक्षण, धार्मिक नगरों में शराबबंदी जैसे निर्णय इसी आध्यात्मिक प्रेरणा से लिए गए हैं। उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, दतिया, पीतांबरा पीठ, सलकनपुर, ओरछा और चित्रकूट सहित 19 नगरों में शराबबंदी लागू की गई है। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन को मेट्रो सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा और इसे आध्यात्मिक व सांस्कृतिक नगरी के रूप में और सशक्त बनाया जाएगा। साथ ही प्रदेश के प्रत्येक जिले में गीता भवन निर्माण की योजना पर कार्य किया जा रहा है, जहां भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों का वाचन और आध्यात्मिक अध्ययन हो सकेगा। कार्यक्रम में लाखों श्रद्धालु स्वअनुशासन के साथ शामिल हुए। आश्रम परिसर में भक्ति, अनुशासन और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।