सीधी (ईन्यूज़ एमपी)। जिले के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं ज्ञान ग्रुप के संचालक ज्ञान सिंह के नवीन प्रतिष्ठान “ज्ञान स्टील इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड” का भव्य शुभारंभ जेल रोड पड़रा में गरिमामयी समारोह के बीच संपन्न हुआ। उद्घाटन मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं अजय सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीधी विधानसभा के पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ला ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी बृजेंद्र मिश्रा उपस्थित रहे। समारोह में जिले के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की सहभागिता रही। उद्घाटन अवसर पर अजय सिंह ने कहा कि वर्षों पहले “ज्ञान ट्रेडर्स” के रूप में लगाया गया छोटा पौधा आज विशाल वृक्ष बन चुका है। उन्होंने कहा कि ज्ञान ग्रुप ने व्यापार और समाज सेवा दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है और अब निर्माण क्षेत्र में कदम रखकर जिले के विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि “ज्ञान स्टील इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड” से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और लोगों को बेहतर निर्माण सामग्री उचित दरों पर उपलब्ध हो सकेगी। अजय सिंह ने ज्ञान सिंह द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भी खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क अस्थि कलश वाहन उपलब्ध कराना, कम शुल्क में शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु ज्ञान महाविद्यालय की स्थापना, गरीब कन्याओं के विवाह कराने का संकल्प और दूरस्थ क्षेत्रों में पेयजल संकट के दौरान पानी के टैंकर की व्यवस्था करना जनसेवा के उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े संस्थान की सफलता पूरे जिले की सफलता होती है, क्योंकि इससे रोजगार, सुविधा और आर्थिक अवसर बढ़ते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ला ने कहा कि सफलता केवल व्यापारिक कौशल से नहीं, बल्कि अच्छे कर्मों और पूर्वजों के आशीर्वाद से मिलती है। उन्होंने कहा कि ज्ञान सिंह ने व्यवसाय के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी गंभीरता से निर्वहन किया है, जिसके कारण उन्हें समाज का प्रेम और विश्वास प्राप्त हुआ है। विशिष्ट अतिथि बृजेंद्र मिश्रा ने कहा कि ज्ञान सिंह ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन के साथ अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि निर्माण क्षेत्र में यह नई शुरुआत न केवल ज्ञान ग्रुप के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए उपलब्धि है। सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाना और लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहना उनकी विशेष पहचान है। अपने संबोधन में ज्ञान सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जो भी मुकाम हासिल किया है, वह समाज के स्नेह, विश्वास और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता और अजय सिंह का मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी उन्हें “राहुल भैया” से मिली। “ज्ञान स्टील इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड” के शुभारंभ अवसर पर मध्यप्रदेश बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के मेधावी छात्रों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अजय सिंह ने छात्रों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियों ने पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।