नासिक से पकड़ा गया शुभम खैरनार, राजस्थान पुलिस कर रही पूछताछ; यूनिवर्सिटी ने पल्ला झाड़ा भोपाल(ईन्यूज एमपी)- देश के चर्चित NEET पेपर लीक मामले में मध्यप्रदेश कनेक्शन सामने आने से हड़कंप मच गया है। राजस्थान पुलिस ने मामले में आरोपी शुभम खैरनार को नासिक से गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ जारी है। जांच में सामने आया है कि आरोपी का संबंध सीहोर स्थित श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी से रहा है। वह यहां आयुर्वेद चिकित्सा (बीएएमएस) का छात्र रहा है। इसके बाद जांच एजेंसियों ने सीहोर कनेक्शन की पड़ताल भी शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है। कुलगुरु मुकेश तिवारी के अनुसार, शुभम ने वर्ष 2021 में बीएएमएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था, लेकिन प्रवेश के बाद वह कभी कॉलेज नहीं आया और न ही किसी परीक्षा में शामिल हुआ। राजस्थान पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पेपर लीक के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मध्यप्रदेश में आरोपी के और कौन-कौन से संपर्क रहे हैं।