सीधी(ईन्यूज एमपी)- सीधी जिले के पथरौला चौकी क्षेत्र अंतर्गत बरवाही गांव में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां मिनी हाइवा ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला और मासूम सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में बकवा निवासी **आनंद बहादुर सिंह** की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों में रूद्र सिंह, अरुणा बसौर, संजय बसौर और 5 वर्षीय आयुष बसौर शामिल हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस चालक मनोज यादव ने मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल सीधी रेफर किया, जहां उनका उपचार जारी है। पथरौला चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। देर रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिसे बुधवार सुबह मड़वास अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी हाइवा वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।