enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश कूनो में दौड़ी ‘स्पीड’: CM मोहन यादव ने 2 मादा चीतों को जंगल में छोड़ा

कूनो में दौड़ी ‘स्पीड’: CM मोहन यादव ने 2 मादा चीतों को जंगल में छोड़ा

बोत्सवाना से लाए गए चीतों को मिली खुली आज़ादी, प्रदेश में संख्या 57 पहुंची



श्योपुर(ईन्यूज एमपी)- मोहन यादव ने सोमवार सुबह कूनो नेशनल पार्क में बोत्सवाना से लाए गए 9 चीतों में से सीसीड़ी-2 और सीसीड़ी-3 नाम की दो मादा चीतों को खुले जंगल में रिलीज किया।

मुख्यमंत्री द्वारा पिंजरे का गेट खोलते ही दोनों चीते तेज रफ्तार से बाहर निकलकर जंगल में दौड़ पड़े। इस दौरान मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधि और अधिकारी इस दृश्य को देखकर उत्साहित हो उठे। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला, रामनिवास रावत, गुड्डी बाई आदिवासी, जिला अध्यक्ष शशांक भूषण सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।

रविवार शाम को मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से कूनो पहुंचे थे और वन विभाग के रेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम किया। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे कूनो नदी के पास बनाए गए स्थल पर चीतों को खुले जंगल में छोड़ा गया। अब ये चीते जंगल में स्वतंत्र रूप से विचरण कर अपने शिकार और क्षेत्र का निर्धारण कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कूनो में बने वाइल्ड लाइफ वेटनरी हॉस्पिटल का निरीक्षण भी किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने वन्य जीवों के उपचार और देखभाल को लेकर अधिकारियों से चर्चा की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती ने चीतों को अपनाकर उन्हें परिवार का हिस्सा बनाया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया चीता पुनर्स्थापना प्रोजेक्ट सफलता के साथ आगे बढ़ रहा है और प्रदेश इस दिशा में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में चीतों की संख्या 57 हो गई है, जिनमें से 54 कूनो नेशनल पार्क में और 3 गांधी सागर अभयारण्य में हैं।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से भोपाल के लिए रवाना हो गए।

Share:

Leave a Comment