enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मौसम का दोहरा असर: कहीं आंधी-बारिश, कहीं भीषण गर्मी

मौसम का दोहरा असर: कहीं आंधी-बारिश, कहीं भीषण गर्मी

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज इन दिनों बदला हुआ है। प्रदेश में दो टर्फ और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने के कारण सोमवार को भी कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि कई हिस्सों में तेज गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) भोपाल के अनुसार, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश होने का अनुमान है।

रविवार को भी तीन मौसम प्रणालियों के सक्रिय रहने से इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, जबलपुर और शहडोल संभाग के 18 जिलों में मौसम बदला रहा। कहीं बादल छाए रहे तो कहीं हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।

दूसरी ओर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, राजगढ़, नीमच, मंदसौर, छतरपुर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर और शाजापुर जिलों में तेज गर्मी का असर बना रहेगा। इन क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहने की संभावना जताई गई है।

रविवार को प्रदेश में गर्मी ने तेवर दिखाए। रतलाम में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा शाजापुर में 44 डिग्री, धार में 42.4 डिग्री, खंडवा में 42.1 डिग्री और नर्मदापुरम में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों में उज्जैन 42.4 डिग्री, इंदौर 41.9 डिग्री और भोपाल 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने 12 मई से प्रदेश में हीट वेव यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में लू का असर अधिक रहने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 30 अप्रैल से आंधी-बारिश का दौर शुरू हुआ था, जो 10 मई तक जारी रहा। इस दौरान वेस्टर्न डिस्टरबेंस, टर्फ और चक्रवात जैसे सिस्टम सक्रिय रहे, जिससे मई के शुरुआती दिनों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहा। अब मौसम तेजी से गर्मी की ओर बढ़ रहा है।

Share:

Leave a Comment