शराब की लत और पारिवारिक विवाद के बीच हुई घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झखरावल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय शिवप्रसाद साकेत के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी हरिप्रसाद साकेत (36) ने अपने भाई राजकुमार साकेत के साथ थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनका परिवार खेती-किसानी से जुड़ा है और छह भाई अलग-अलग रहते हैं। मृतक शिवप्रसाद चौथे नंबर का भाई था, जिसके दो पुत्र और चार पुत्रियां हैं। बताया गया कि शिवप्रसाद का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसकी पत्नी मायके ग्राम जोगिनी में रह रही थी। शिवप्रसाद शराब पीने का आदी था और पिछले करीब तीन वर्षों से अपने बड़े पिता की पतोहू अनारकली साकेत के घर रहकर वहीं भोजन करता था। घटना 8 मई 2026 की बताई जा रही है। दोपहर करीब 3 बजे शिवप्रसाद नशे की हालत में अनारकली के घर में पड़ा हुआ था। इस दौरान अनारकली ने उसकी मां को सूचना दी। मां मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ देर बाद वापस चली गईं। रात करीब 10 बजे जानकारी मिली कि शिवप्रसाद घर के आंगन में मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही जियावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। परिजनों द्वारा मृतक की पत्नी के आने का इंतजार किया गया, लेकिन उसके नहीं पहुंचने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल देवसर के चीरघर में सुरक्षित रखवा दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।