1832 पदों के मुकाबले 1220 अभ्यर्थी चयनित, बड़ी संख्या में सीटें खाली भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने शुक्रवार को मेडिकल ऑफिसर भर्ती के लिए बहुप्रतीक्षित चयन सूची जारी कर दी। करीब 10 दिन के इंतजार के बाद घोषित इस परिणाम में कुल 1832 पदों के लिए प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें 1220 अभ्यर्थियों का चयन मुख्य सूची में किया गया है, जबकि 186 अभ्यर्थियों को सप्लीमेंट्री सूची में स्थान मिला है। आयोग द्वारा निर्धारित 1649 पदों के लिए मुख्य चयन किया जाना था, लेकिन पर्याप्त योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण 357 पद रिक्त रह गए। इनमें सर्वाधिक 256 पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के हैं, जबकि 55 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के खाली हैं। आयोग के अध्यक्ष राजेशलाल मेहरा ने बताया कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरा किया गया। सभी इंटरव्यू एक साथ आयोजित किए गए, जो करीब ढाई महीने तक चले। निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही अंतिम चयन सूची जारी की गई है। दिव्यांग श्रेणी के 108 पदों में से 46 पदों पर भी उपयुक्त उम्मीदवार नहीं मिल पाए। इसके अलावा 72 पदों का परिणाम न्यायालय में लंबित मामलों के कारण रोका गया है, जबकि ओबीसी आरक्षण विवाद के चलते 183 पदों को प्रावधिक रूप से होल्ड पर रखा गया है। डेढ़ साल में पूरी हुई भर्ती प्रक्रिया इस भर्ती की शुरुआत 8 अगस्त 2024 को 890 पदों के विज्ञापन से हुई थी। बीच में दो बार प्रक्रिया निरस्त करनी पड़ी। बाद में 14 नवंबर 2025 को पदों की संख्या बढ़ाकर 1832 कर दी गई। करीब डेढ़ साल बाद 27 जनवरी 2026 से इंटरव्यू प्रक्रिया शुरू हुई, जो लगभग 75 दिनों तक चली। न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद अब अंतिम परिणाम जारी किया गया है। वर्गवार पदों का विवरण * सामान्य वर्ग: 384 * एससी: 225 * एसटी: 642 * ओबीसी: 380 * ईडब्ल्यूएस: 201 12 पदों के लिए 12 हजार आवेदन, सहायक कुलसचिव परीक्षा 17 मई को प्रदेश के राज्य स्तरीय विश्वविद्यालयों में सहायक कुलसचिव भर्ती के लिए भी भारी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। महज 12 पदों के लिए करीब 12 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, यानी एक पद पर लगभग 1000 उम्मीदवार मैदान में हैं। आयोग ने 31 दिसंबर 2025 को इस भर्ती की अधिसूचना जारी की थी। आवेदन प्रक्रिया 4 फरवरी से 5 मार्च तक चली। परीक्षा 17 मई को इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा ऑफलाइन मोड में ओएमआर शीट पर होगी, जिसमें दो प्रश्न पत्र होंगे तथा गलत उत्तर पर नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी।