रीवा में पारा 34 डिग्री से नीचे, 21 जिलों में फिर बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट भोपाल (ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश में पिछले कई दिनों से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को रीवा का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और अन्य मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कई जिलों में बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश का दौर बना हुआ है। गुरुवार को भी कुछ जिलों में बूंदाबांदी और तेज हवा चली। 21 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के 21 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।मौसम विभाग ने इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका जताई है। किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 34 जिलों में गर्मी का असर बरकरार प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम सुहावना होने के बावजूद कई जिलों में गर्मी का असर बना हुआ है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत 34 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उसके आसपास बना रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो से तीन दिन तक प्रदेश में मौसम का यही मिश्रित स्वरूप बना रह सकता है। कहीं तेज गर्मी तो कहीं बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा। किसानों की बढ़ी चिंता लगातार बदलते मौसम ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। कई क्षेत्रों में तेज हवा और बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। वहीं आमजन को भी गर्मी और उमस के बीच बदलते मौसम से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।