सीधी(ईन्यूज एमपी)- जी हां सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा आदेश जारी किया है। जारी निर्देश के अनुसार जिले के सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हेलमेट एवं आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।आदेश में कहा गया है कि प्रदेश में हर वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोगों की जान जा रही है। इनमें अधिकांश हादसे यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही के कारण होते हैं। सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। निर्देशानुसार 1 जून 2026 से दोपहिया वाहन से आने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आईएसआई मार्क युक्त हेलमेट और आईडी कार्ड पहनकर ही कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। नियमों का पालन नहीं करने वाले व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।प्रशासन ने सभी विभागों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।