शहडोल(ईन्यूज एमपी)- शहडोल में जनगणना जागरूकता को लेकर एक अनोखी पहल देखने को मिली। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से जनगणना प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाने के बाद खुद उसकी स्टीयरिंग संभालकर रवाना किया। उनका यह अंदाज अब जिलेभर में चर्चा का विषय बन गया है। आमतौर पर प्रशासनिक अधिकारी औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित रहते हैं, लेकिन कलेक्टर का इस तरह खुद वाहन चलाकर अभियान की शुरुआत करना लोगों को खासा प्रभावित कर रहा है। यह पहल जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश देती है। गांव-गांव पहुंचेगा प्रचार रथ जनसंपर्क संचालनालय भोपाल द्वारा उपलब्ध कराए गए इस प्रचार रथ के माध्यम से जिले के सभी विकासखंडों में अभियान चलाया जाएगा। रथ गांव और शहरों में जाकर लोगों को जनगणना की प्रक्रिया, महत्व और इसके लाभों की जानकारी देगा। 1 मई से शुरू हुआ मकान सूचीकरण कार्य कलेक्टर ने बताया कि 1 मई से 30 मई तक जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान 33 प्रकार की महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र की जाएंगी, जो भविष्य की योजनाओं के निर्माण में उपयोगी होंगी। नागरिकों से सहयोग की अपील कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करें और सही जानकारी प्रदान करें। साथ ही उन्होंने सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि जानकारी देने से पहले संबंधित अधिकारी का पहचान पत्र अवश्य जांच लें। कलेक्टर की इस पहल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों द्वारा इसकी सराहना की जा रही है।