enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्य प्रदेश में बदला मौसम: आंधी-बारिश और ओलों का दौर, 39 जिलों में अलर्ट

मध्य प्रदेश में बदला मौसम: आंधी-बारिश और ओलों का दौर, 39 जिलों में अलर्ट

भोपाल (ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में इस बार मई की शुरुआत तेज गर्मी के बजाय बदले हुए मौसम के साथ हुई है। सोमवार को प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में कहीं आंधी चली, तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा।

मौसम केंद्र भोपाल ने 39 जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से जबलपुर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया और कटनी में आंधी की रफ्तार अधिक रहने की संभावना है।

वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

दूसरी ओर, इंदौर-उज्जैन संभाग के कई जिलों—इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम और हरदा में मौसम साफ रहने की संभावना है।

**कहीं गर्मी तो कहीं राहत**
प्रदेश में बदले मौसम के बीच कुछ शहरों में गर्मी का असर बरकरार है। रायसेन में सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो लगातार दूसरे दिन इतना ही रहा। इसके अलावा खरगोन (43°), खंडवा (42.1°), मंडला (41.9°), नरसिंहपुर (41°) और बैतूल (40.7°) में भी पारा 40 डिग्री के पार रहा।

वहीं राहत भरी खबर खजुराहो से आई, जहां तापमान सबसे कम 33.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो पचमढ़ी से भी कम रहा। बड़े शहरों में भोपाल में 40.4°, जबलपुर में 40°, उज्जैन में 39° और इंदौर में 38.2° तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय सिस्टम के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

Share:

Leave a Comment