enewsmp.com
Home सीधी दर्पण खनिज माफियाओं पर सख्ती: 3 वाहन जब्त, अवैध उत्खनन व परिवहन पर कार्रवाई तेज

खनिज माफियाओं पर सख्ती: 3 वाहन जब्त, अवैध उत्खनन व परिवहन पर कार्रवाई तेज

सीधी(ईन्यूज एमपी)- सीधी जिला में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज-पुलिस के संयुक्त दल द्वारा 2 एवं 3 मई 2026 को गोपदबनास और बहरी तहसील क्षेत्रों में दिन-रात सघन जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त तीन वाहनों को जब्त किया गया। ग्राम पिपरोहर, तहसील गोपदबनास से एक बिना नंबर डंपर (चेसिस क्रमांक MAT505243J8D09120) को अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर जब्त कर कोतवाली थाना सीधी की अभिरक्षा में सौंपा गया।

वहीं ग्राम डोल, तहसील बहरी स्थित गोपद नदी घाट पर अवैध उत्खनन करते हुए एक बिना नंबर स्वराज ट्रैक्टर (चेसिस क्रमांक WVTK35625095858) पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। उक्त वाहन को जब्त कर थाना बहरी में सुरक्षित खड़ा कराया गया।

इसी क्षेत्र में एक अन्य डंपर (क्रमांक UP64T2380) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक रेत खाली कर वाहन छोड़कर भाग निकला। इस वाहन को भी जब्त कर थाना बहरी की अभिरक्षा में रखा गया है।

प्रशासन ने संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के खिलाफ म.प्र. खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जिसे कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही बिना नंबर वाहनों के उपयोग पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई हेतु जिला परिवहन अधिकारी को भी पत्र भेजा जाएगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनिज विभाग द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है और जहां भी अवैध गतिविधियां पाई जाएंगी, वहां सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share:

Leave a Comment