enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:भैंस चराने गए दो मासूमों की डूबकर दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

सीधी:भैंस चराने गए दो मासूमों की डूबकर दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

सीधी (ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश के सीधी जिला के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नेबूहा में रविवार सुबह एक हृदय विदारक हादसा हो गया। गांव के तालाब में डूबने से दो मासूम किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार सिद्धांत साहू (12 वर्ष), पिता सूर्यमणी साहू और सलेन्द्र साहू (11 वर्ष), पिता अनिल साहू, रोज की तरह सुबह भैंस चराने के लिए घर से निकले थे। दोनों बच्चे गांव के तालाब पर पहुंचे और भैंस को पानी पिलाने के दौरान खुद भी तालाब में उतर गए। इसी दौरान तालाब की अधिक गहराई के कारण दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी में डूब गए।

काफी देर तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की और तालाब में तलाश करने पर दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। यह दृश्य देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।

घटना की सूचना मिलते ही मझौली थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की गहराई और सुरक्षा के अभाव के कारण यहां पहले भी हादसों की आशंका बनी रहती है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर खुले जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा इंतजाम और बच्चों की निगरानी की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

Share:

Leave a Comment