enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश भोपाल: मई में ठंडे पड़े गर्मी के तेवर, लगातार तीसरे दिन राहत, 31 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल: मई में ठंडे पड़े गर्मी के तेवर, लगातार तीसरे दिन राहत, 31 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में मई की शुरुआत के साथ ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी के बीच अब लगातार तीसरे दिन लोगों को राहत मिल रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के 31 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

शनिवार को भोपाल-नर्मदापुरम, सागर और ग्वालियर संभाग में तेज आंधी के बाद हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं गुना में आंधी-बारिश के बीच एक व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई है।

बारिश का असर कृषि और मंडियों पर भी पड़ा है। विदिशा, नर्मदापुरम और सीहोर जिलों में मंडियों और सरकारी खरीदी केंद्रों पर रखी उपज भीग गई, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ा। वहीं खरगोन में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।

मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है।

मौसम विभाग ने जिन जिलों में अलर्ट जारी किया है, उनमें अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा शामिल हैं।

विभाग ने चेतावनी दी है कि कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

Share:

Leave a Comment