ग्रामीणों की जांच, आयुष्मान कार्ड व दवा वितरण; जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित सीधी(ईन्यूज एमपी)- सीधी जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के प्रयासों के तहत ग्राम पंचायत चंदवाही में व्यापक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सिहावल जनपद अंतर्गत आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लाभ लिया। शिविर में होम्योपैथी, आयुर्वेद और एलोपैथिक पद्धति के चिकित्सकों के साथ पशु चिकित्सा विभाग एवं अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां बीपी, शुगर, सिकल सेल जांच, गर्भवती महिलाओं की जांच तथा आयुष्मान कार्ड बनाने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही जरूरतमंदों को दवाइयों का वितरण किया गया और मौके पर समस्याओं का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि हर वर्ष 2 मई को लाड़ली लक्ष्मी दिवस मनाने का उद्देश्य बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति और जनगणना के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई गई। शिविर में जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, परियोजना अधिकारी अनुसुइया बाजपेयी, बीएमओ डॉ. रिकेश शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।