तेज आंधी में पलटा क्रूज, 9 से अधिक अब भी लापता; सेना और स्पेशल टीमें जुटीं जबलपुर(ईन्यूज एमपी)- जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम हुए हादसे में अब तक 9 लोगों की लाश मिली है। हादसा उस वक्त हुआ जब पर्यटन विभाग का एक क्रूज अचानक आई तेज आंधी के कारण नर्मदा के बैकवॉटर में डूब गया। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 24 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। प्रशासन के अनुसार 9 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय क्रूज में करीब 40 से 45 पर्यटक सवार थे। यह हादसा किनारे से लगभग 300 मीटर दूर हुआ, जिससे राहत और बचाव कार्य में भी दिक्कतें आईं। बरगी सिटी सीएसपी अंजुल मिश्रा के अनुसार शुरुआती रेस्क्यू में SDRF ने कई लोगों को बचाया, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम के कारण अभियान प्रभावित हुआ। शुक्रवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए अब सेना, विशेष बचाव दल और राष्ट्रीय स्तर की टीमें मौके पर तैनात कर दी गई हैं। हैदराबाद से स्पेशल टीम और हेलिकॉप्टर भेजा गया है, वहीं कोलकाता से पैरामिलिट्री बल की टीम भी जबलपुर पहुंच चुकी है। हाइड्रॉलिक मशीनों और पोकलेन की मदद से करीब 20 फीट गहरे पानी में फंसे क्रूज को बाहर निकालने की कोशिश जारी है। क्रूज के पायलट महेश ने बताया कि सुरक्षा के इंतजाम मौजूद थे, लेकिन अचानक आए तेज तूफान के कारण क्रूज अनियंत्रित हो गया और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे में कई परिवार प्रभावित हुए हैं। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया के कर्मचारी कामराज आर्य अपने परिवार के 15 सदस्यों के साथ घूमने आए थे। उनके परिवार के कुछ सदस्य सुरक्षित हैं, लेकिन कामराज, उनकी पत्नी और एक बेटा अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा अब तक जिन मृतकों की पहचान की गई है, उनमें जबलपुर, तमिलनाडु और नई दिल्ली के निवासी शामिल हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है।