enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश संबल योजना 2026 में बड़ा बदलाव, गिग वर्कर्स भी होंगे शामिल लेबर स्टार रेटिंग सिस्टम लागू करने की तैयारी

संबल योजना 2026 में बड़ा बदलाव, गिग वर्कर्स भी होंगे शामिल लेबर स्टार रेटिंग सिस्टम लागू करने की तैयारी

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश सरकार ने श्रमिकों के कल्याण को और मजबूत बनाने के लिए संबल योजना में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। डॉ. मोहन यादव ने योजना का दायरा बढ़ाते हुए गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को भी शामिल करने तथा लेबर स्टार रेटिंग सिस्टम लागू करने की घोषणा की है।

सरकार ने बदलते समय के अनुरूप ऑनलाइन और ऐप आधारित कार्य करने वाले गिग वर्कर्स को असंगठित श्रमिक की श्रेणी में शामिल करने का निर्णय लिया है। इससे डिलीवरी, कैब और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े श्रमिकों को भी संबल योजना का लाभ मिल सकेगा।

योजना के तहत लेबर स्टार रेटिंग सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे श्रमिकों के पंजीयन, सुविधाओं और सुरक्षा मानकों की बेहतर निगरानी हो सकेगी। इससे श्रम क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

संबल योजना के अंतर्गत श्रमिक परिवारों को विभिन्न परिस्थितियों में आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। दुर्घटना या सामान्य मृत्यु की स्थिति में अनुग्रह राशि, स्थायी अपंगता पर सहायता, अंत्येष्टि सहायता और जरूरतमंद परिवारों को त्वरित राहत उपलब्ध कराई जाती है।

सरकार संबल हितग्राहियों को स्वास्थ्य और खाद्यान्न सुरक्षा से भी जोड़ रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है, वहीं राशन पात्रता के माध्यम से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार श्रमिक वर्ग के हितों के लिए लगातार काम कर रही है और संबल योजना उनके लिए कठिन समय में सहारा बनेगी। इसे सरकार और श्रमिकों के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बताया गया है।


Share:

Leave a Comment