चुरहट(ईन्यूज़ एमपी): सामाजिक सरोकारों को नई दिशा देने के उद्देश्य से प्रदीप वेलफेयर फाउंडेशन की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने समाज उत्थान के विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से मंथन किया। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और जनजागरूकता जैसे विषयों को प्राथमिकता देते हुए भविष्य की कार्ययोजना तय की गई। संस्था के अध्यक्ष अनेन्द्र मिश्र "राजन" ने कहा कि प्रदीप वेलफेयर फाउंडेशन केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज सेवा का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक शिक्षा, सहयोग और सम्मान पहुंचाना है। साथ ही उन्होंने सभी सदस्यों से सेवा और समर्पण की भावना के साथ जनहित में कार्य करने का आह्वान किया। संस्था के सचिव प्रदीप सिंह ने संगठन के विजन को स्पष्ट करते हुए कहा कि सामाजिक विकास को जनआंदोलन का रूप देना ही संस्था का लक्ष्य है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल जागरूकता और युवाओं की भागीदारी को संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल बताया। बैठक में उपाध्यक्ष सुखनंदन सोनी ने संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक सहभागिता पर जोर दिया। वहीं सदस्य प्रकाश सिंह गहरवार ने कहा कि जनसहयोग ही संस्था की असली ताकत है। कोषाध्यक्ष रघुनंदन पटेल ने पारदर्शिता और सुव्यवस्थित संचालन को और सशक्त बनाने की आवश्यकता बताई। आयोजित बैठक में वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष अनेन्द्र मिश्र "राजन" , सचिव प्रदीप सिंह,उपाध्यक्ष सुखनंदन सोनी, कोषाध्यक्ष रघुनंदन पटेल, सदस्य प्रकाश सिंह गहरवार, विनोद त्रिपाठी, मनोज पटेल एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक में सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने संस्था के उद्देश्यों को व्यापक स्तर पर जनहित में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बैठक का समापन “हमारा संकल्प – सेवा, समर्पण और समाज उत्थान” के सामूहिक संदेश के साथ हुआ, जिसने समाज के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को एक बार फिर स्पष्ट कर दिया।