enewsmp.com
Home सीधी दर्पण जंगल में खौफनाक हादसा, 11 केवी लाइन से टकराकर धधकी गाड़ी, चालक जिंदा जला

जंगल में खौफनाक हादसा, 11 केवी लाइन से टकराकर धधकी गाड़ी, चालक जिंदा जला

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के टिकरी-महुआगांव मार्ग के जंगल में बुधवार शाम करीब 4 बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। राखड़ लेने जा रहा एक बलकार वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और सीधे 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वाहन में भीषण आग लग गई और चालक जिंदा जल गया।

मृतक की पहचान फूलचंद कोल, निवासी ग्राम बहेरा, थाना बहरी के रूप में हुई है, जो निगरी प्लांट से राखड़ परिवहन का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि हादसा जंगल के बीचों-बीच होने के कारण इसकी जानकारी तुरंत किसी को नहीं लग सकी।काफी देर बाद एक राहगीर संतोष यादव ने जलते वाहन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ और मामला तेजी से सामने आया।

सूचना मिलते ही टिकरी चेक पोस्ट प्रभारी प्रमोद द्विवेदी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने के बाद हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से आग लगी।घटनास्थल पर ही चालक का शव पूरी तरह जल चुका था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया था। बाद में आधार कार्ड के जरिए उसकी शिनाख्त की गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Share:

Leave a Comment