enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश भोपाल में सीएम हाउस पर शिवराज-मोहन की मुलाकात से सियासी हलचल तेज

भोपाल में सीएम हाउस पर शिवराज-मोहन की मुलाकात से सियासी हलचल तेज

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- बुधवार सुबह मुख्यमंत्री निवास पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मुलाकात से प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि प्रदेश में इन दिनों राजनीतिक नियुक्तियों, गेहूं खरीदी और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर सियासी माहौल गर्म है। साथ ही भाजपा संगठन में प्रदेश कार्यसमिति गठन की प्रक्रिया भी जारी है। ऐसे में दोनों नेताओं की मुलाकात को अहम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि भोपाल स्थित निवास पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट हुई। वहीं शिवराज सिंह चौहान ने भी इसे सौजन्य भेंट बताते हुए विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद होने की बात कही है।

हालांकि मुलाकात के एजेंडे को लेकर दोनों नेताओं की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है, जिससे सियासी गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया है।

इधर प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों का सिलसिला जारी है। कई आयोग और प्राधिकरणों में नियुक्तियां हो चुकी हैं, जबकि निगम-मंडलों और प्रदेश कार्यसमिति को लेकर भी मंथन जारी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी संकेत दिए हैं कि प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा जल्द की जा सकती है।

इस मुलाकात को आगामी राजनीतिक समीकरणों और संगठनात्मक फैसलों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Share:

Leave a Comment