सीधी(ईन्यूज एमपी)- कलेक्टर विकास मिश्रा ने जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत उपनी (हड़बड़ो) तथा जनपद पंचायत सिहावल के पटेहरा (शैरपुर) स्थित खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने केंद्रों पर पीने के स्वच्छ पानी, छायादार बैठक व्यवस्था, प्राथमिक उपचार किट सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित माप-तौल की व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित की जाए और खरीदी केंद्रों पर सूचना पट्ट एवं पोस्टर स्पष्ट रूप से लगाए जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने खरीदी कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने, सभी जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसानों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।