सतना(ईन्यूज एमपी)- शहर के जवाहर नगर स्थित वन स्टॉप सेंटर से रविवार देर रात तीन नाबालिग लड़कियां खिड़की तोड़कर फरार हो गईं। तीनों की उम्र 14 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है और वे प्रेम प्रसंग के चलते घर से भाग चुकी थीं। घटना की जानकारी सोमवार सुबह सामने आई, जिसके बाद सेंटर प्रबंधन ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों की तलाश शुरू कर दी है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधीक्षिका नीता श्रीवास्तव के अनुसार, लड़कियां जिस कमरे में रह रही थीं, उसकी पीछे की खिड़की तोड़कर एक-एक कर बाहर निकलीं। सेंटर में सीसीटीवी कैमरे और मुख्य गेट पर चौकीदार तैनात होने के बावजूद किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। खिड़की के पीछे सीएम राइज स्कूल का मैदान है, जिससे होकर उनके बाहर निकलने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि तीनों बालिकाओं को बाल कल्याण समिति के आदेश पर 14 से 25 अप्रैल के बीच सेंटर में रखा गया था। काउंसलिंग के बावजूद वे अपने परिजनों के साथ जाने को तैयार नहीं थीं। इनमें से एक नाबालिग सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पौराणिक टोला की रहने वाली है, जो तीन माह की गर्भवती है और तीसरी बार घर से भागी थी। उसे पहले जबलपुर से दस्तयाब कर सेंटर में रखा गया था। दूसरी लड़की उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली है, जिसे आरपीएफ ने महाकौशल ट्रेन से पकड़ा था। तीसरी 15 वर्षीय बालिका रामपुर बघेलान क्षेत्र की है, जिसे हाल ही में पुलिस ने पकड़कर सेंटर भेजा था। फिलहाल पुलिस तीनों नाबालिगों की तलाश में जुटी है और संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन जारी है।