भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी अब आंदोलन की राह पर उतरने जा रहे हैं। प्रदेश के करीब 30 हजार से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों ने 4 मई से चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है।कर्मचारियों में 5 से 6 महीने तक वेतन भुगतान न होने को लेकर भारी आक्रोश है। इसके साथ ही उन्होंने प्राइवेट एजेंसियों पर मनमानी और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। घोषित कार्यक्रम के अनुसार 4 मई को सभी जिला मुख्यालयों पर राज्यपाल के नाम कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 18 मई को सीएमएचओ कार्यालयों पर मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन दिया जाएगा।आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 25 मई को भोपाल में उपमुख्यमंत्री के बंगले के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जाएगी। संघ के प्रदेश अध्यक्ष कोमल सिंह ने कहा कि लंबे समय से वेतन न मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।