enewsmp.com
Home सीधी दर्पण कलेक्टर ने निजी चिकित्सकों व नर्सिंग होम संचालकों के साथ की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर

कलेक्टर ने निजी चिकित्सकों व नर्सिंग होम संचालकों के साथ की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने निजी प्रैक्टिस करने वाले चिकित्सकों एवं नर्सिंग होम संचालकों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की। बैठक में आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

कलेक्टर ने कहा कि शासकीय और निजी क्षेत्र के समन्वय से ही स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिल सकती है। उन्होंने आयुष्मान भारत सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया और निजी चिकित्सकों से इन योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।उन्होंने दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंदों को उनके क्षेत्र में ही उपचार मिल सके। साथ ही मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए विशेष प्रयास करने और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया।

कलेक्टर ने सभी निजी संस्थानों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मापदंडों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को पारदर्शी और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।इसके अलावा जनगणना कार्य में सहयोग करने की भी अपील की गई, जिससे सटीक आंकड़ों के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर योजना बनाई जा सके।बैठक में उपस्थित चिकित्सकों और नर्सिंग होम संचालकों ने अपने सुझाव साझा किए, जिस पर कलेक्टर ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने का भरोसा दिलाया।

Share:

Leave a Comment