enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सोन नदी के घाटों पर अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई, रास्ते खोदकर रोकी जा रही माफिया की पहुंच

सोन नदी के घाटों पर अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई, रास्ते खोदकर रोकी जा रही माफिया की पहुंच

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत सोन नदी के कोचिंटा सहित विभिन्न घाटों पर अवैध रेत उत्खनन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद सोन घड़ियाल अभ्यारण्य की टीम ने रविवार सुबह करीब 8 बजे कार्रवाई शुरू की।

टीम द्वारा उन रास्तों पर गड्ढे खोदे जा रहे हैं, जिनका उपयोग रेत माफिया नदी तक पहुंचने के लिए करते हैं। इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहनों की आवाजाही रोककर अवैध उत्खनन और रेत परिवहन पर अंकुश लगाना है। अलग-अलग घाटों पर चरणबद्ध तरीके से यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध रेत दोहन को पूरी तरह रोका जा सके।

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार प्रशासन ने ऐसे गड्ढे खोदे, लेकिन रेत माफिया रात के समय जेसीबी मशीन से उन्हें पाटकर फिर से उत्खनन शुरू कर देते हैं। गांव निवासी पुष्पेंद्र यादव ने बताया कि माफिया लगातार सक्रिय रहते हैं, जिससे कार्रवाई का असर लंबे समय तक नहीं टिक पाता।

सोन घड़ियाल अभ्यारण्य की डीएफओ राजेश कन्ना टी ने बताया कि विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। हाल ही में 9 हाईवा वाहनों को जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि खनिज विभाग और पुलिस के सहयोग से अवैध उत्खनन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन की इस कार्रवाई से फिलहाल रेत माफिया में हड़कंप की स्थिति है, हालांकि स्थायी रोक के लिए लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई जरूरी मानी जा रही है।


Share:

Leave a Comment