भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेशभर में सुबह से लेकर रात तक तेज तपिश महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने आज 20 से ज्यादा जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है, जबकि बाकी जिलों में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान छतरपुर में 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा नौगांव में 43.5 डिग्री और रतलाम में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी भोपाल सहित इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन में भी तापमान 41 डिग्री से अधिक रहा, जिससे दिनभर लू जैसे हालात बने रहे। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है। गर्मी के बढ़ते असर से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि अभी राहत के आसार कम हैं, इसलिए सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।