भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में प्रशासनिक कामकाज को और व्यवस्थित करने के लिए नए सिरे से जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया है। अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने हाल ही में टीम में शामिल हुए आईएएस अधिकारियों के साथ मिलकर कार्य विभाजन का आदेश जारी किया है। सीएमओ में आईएएस कौशलेंद्र विक्रम सिंह और सुधीर कोचर के शामिल होने के बाद यह नई जमावट की गई है। आदेश के अनुसार मंडलोई मुख्यमंत्री कार्यालय के समग्र प्रभारी रहेंगे, साथ ही 2028 के पहले होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों की जिम्मेदारी भी उन्होंने अपने पास रखी है। सचिव आलोक सिंह को कृषक कल्याण वर्ष से जुड़े कार्यों का दायित्व सौंपा गया है। वहीं कौशलेंद्र विक्रम सिंह को सीएमओ की विजिलेंस शाखा का प्रभारी बनाया गया है। उन्हें गंभीर शिकायतों के निराकरण, कार्यवाही प्रतिवेदन, घोषणा पत्रों की निगरानी और सीएम डैशबोर्ड से जुड़े पोर्टल व योजनाओं की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। उप सचिव सुधीर कोचर को मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रमों की तैयारियों, सीएम हेल्पलाइन और समाधान ऑनलाइन जैसे कार्यों में सहयोग का दायित्व दिया गया है। इसके अलावा सचिव डॉ. इलैया राजा टी को केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों से पत्राचार, मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे और केंद्र-राज्य के लंबित मामलों के समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। सचिव चंद्रशेखर वालिम्बे को मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम, स्वेच्छानुदान और संभागीय समन्वय का कार्य सौंपा गया है। सीएमओ में अन्य अधिकारियों को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। अपर सचिव अरविंद दुबे को राज्य की प्रमुख परियोजनाओं की निगरानी और प्रगति समीक्षा का काम सौंपा गया है, जबकि चंद्रमौली शुक्ला को निवेश से जुड़े मामलों और उद्योगपतियों के समन्वय का दायित्व दिया गया है। अपर सचिव अरुण परमार को ई-ऑफिस, स्थानांतरण, पदस्थापना और मंत्री परिषद की तैयारियों से जुड़े कार्य सौंपे गए हैं। वहीं लक्ष्मण सिंह मरकाम को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, पर्यटन और जनजातीय कल्याण विभाग से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी दी गई है। इस नई कार्य व्यवस्था के तहत दो दर्जन से अधिक अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि मुख्यमंत्री कार्यालय के कार्यों में समन्वय और तेजी लाई जा सके।