enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी में आयोगों में नियुक्तियां, एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों के नाम घोषित

एमपी में आयोगों में नियुक्तियां, एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों के नाम घोषित

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों के नामों की घोषणा कर दी गई है। राज्य सरकार ने गुरुवार शाम आदेश जारी करते हुए दोनों आयोगों में नियुक्तियों को अंतिम रूप दे दिया।

अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष के रूप में कैलाश जाटव की नियुक्ति की गई है। वहीं आयोग के सदस्यों के तौर पर रामलाल मालवीय और बारेलाल अहिरवार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जाटव पूर्व में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्ष 2013 में नरसिंहपुर जिले की गोटेगांव सीट से विधायक चुने गए थे।

अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष पद पर रामलाल रौतेल को नियुक्त किया गया है। वे दूसरी बार इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे पहले वर्ष 2010 में भी वे आयोग के अध्यक्ष रह चुके हैं। आयोग के सदस्यों के रूप में भगत नेताम और मंगल सिंह धुर्वे के नाम घोषित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव की सहमति के बाद इन नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई है। सरकार ने संकेत दिए हैं कि राज्य महिला आयोग और बाल संरक्षण आयोग में भी जल्द नियुक्तियां की जाएंगी।

सूत्रों के अनुसार राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद के लिए पूर्व विधायक रेखा यादव के नाम पर सहमति बनी है, जबकि साधना स्थापक और समीक्षा गुप्ता को सदस्य बनाया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में तत्कालीन सरकार के फैसले के बाद महिला आयोग का पद लंबे समय से खाली चल रहा था।

वहीं बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष के रूप में डॉ. निवेदिता शर्मा का नाम तय माना जा रहा है। उनके साथ सोनम निनामा, अर्चना गुप्ता, मोनिका बट्टी और सीमा सिंह को सदस्य बनाए जाने की सहमति बनी है।

बताया जा रहा है कि भाजपा संगठन द्वारा आयोगों और निगम-मंडलों के लिए 23 नाम दिल्ली भेजे गए थे, जिनमें से चयनित सूची को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद यह घोषणा की गई है। सरकार अब अन्य आयोगों और प्राधिकरणों में भी एक साथ नियुक्तियां करने की तैयारी में है।


Share:

Leave a Comment