enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश रील बनाते समय नहर में गिरीं 4 किशोरियां, 2 के शव मिले, एक लापता

रील बनाते समय नहर में गिरीं 4 किशोरियां, 2 के शव मिले, एक लापता

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नहर किनारे रील बना रही चार किशोरियां अचानक पैर फिसलने से तेज बहाव में बह गईं। हादसे में तीन लड़कियां डूब गईं, जिनमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक अब भी लापता है। एक लड़की तैरकर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रही।

घटना बरगी थाना क्षेत्र के सालीबाड़ा गांव की है, जहां सुबह करीब 11 बजे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सभी लड़कियां एक ही परिवार से थीं और गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह पांच लड़कियां नहर पर नहाने गई थीं। इस दौरान चार लड़कियां किनारे पर खड़े होकर मोबाइल से वीडियो बना रही थीं, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वे तेज बहाव में बह गईं।

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि एक लड़की को तैरना आता था, जिससे वह किसी तरह बाहर निकल आई। उसने अपनी सहेलियों को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह सफल नहीं हो सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर मौजूद एक युवती ने साड़ी फेंककर लड़कियों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वे बह चुकी थीं।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शीतल पटेल (16) और सानिया पटेल (14) के शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर बरामद किए गए। वहीं तनु पटेल (14) की तलाश जारी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।



Share:

Leave a Comment