सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर बुधवार रात हुए सड़क हादसे के बाद यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जाम की स्थिति अब विकराल रूप ले चुकी है और जोगनी से झुरही तक करीब 10 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई है। जानकारी के अनुसार, खाखंन नदी के पास एक भारी वाहन अचानक पीछे लुढ़क गया, जिससे दो अन्य वाहनों की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन पलट गए और सड़क पूरी तरह बाधित हो गई। हालांकि हादसे में सभी चालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद से देवसर–सझहर क्षेत्र होते हुए सीधी–सिंगरौली मार्ग तक जाम फैल गया है। छोटे वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से जारी है, जबकि भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। हजारों वाहन जाम में फंसे हुए हैं। भीषण गर्मी के बीच घंटों तक फंसे रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों को पानी और नाश्ते की कमी से जूझना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह वाहन खड़े होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार जाम खुलवाने में जुटी हुई है। बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर ने बताया कि सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण क्रेन को घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कत आ रही है। धीरे-धीरे वाहनों को किनारे किया जा रहा है ताकि पलटे हुए वाहनों को हटाया जा सके। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही मार्ग को पूरी तरह साफ कर यातायात बहाल कर दिया जाएगा। फिलहाल यात्रियों से अपील की गई है कि इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।