enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश भीषण सड़क हादसा, बोलेरो में जिंदा जले 9 लोगों समेत 11 की मौत

भीषण सड़क हादसा, बोलेरो में जिंदा जले 9 लोगों समेत 11 की मौत

मिर्जापुर(ईन्यूज एमपी)- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ड्रमडगंज थाना क्षेत्र में रात करीब साढ़े 9 बजे हुआ, जब ब्रेक फेल होने से बेकाबू ट्राला कई वाहनों से टकरा गया।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश से गिट्टी लादकर आ रहा ट्राला अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया। ट्राले ने पहले एक स्विफ्ट कार को टक्कर मारी और फिर आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट कार दोनों वाहनों के बीच फंस गई।

इसी दौरान पीछे से आ रही बोलेरो ट्राले में जा घुसी, जिससे उसमें तेज धमाके के साथ आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि बोलेरो में सवार नौ लोग जिंदा जल गए। मृतकों में एक 8 साल का बच्चा और उसकी मां भी शामिल हैं। इसके अलावा स्विफ्ट कार के चालक और ट्रक के क्लीनर की भी मौत हो गई।

अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि बोलेरो सवार सभी लोग जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के रहने वाले थे। परिवार मैहर से बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर लौट रहा था। हादसे में कई परिजन एक साथ काल के गाल में समा गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद बोलेरो में तुरंत आग लग गई और उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल सके। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग बचाव के लिए दौड़े, लेकिन आग की लपटों के कारण किसी को बचाया नहीं जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गंभीर रूप से घायल ट्रक क्लीनर को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

हादसे में मृतकों में वंदना सिंह (38), उनका बेटा शिवा, वीणा सिंह (47), पीयूष सिंह (15), सोनम सहित अन्य परिजन शामिल हैं। बोलेरो सवार प्रियंका, कार्तिकेय, पंकज सिंह, एक अन्य सोनम और चालक विष्णु की भी जिंदा जलने से मौत हो गई। इनमें से कुछ लोग मध्य प्रदेश के रहने वाले थे, जो कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


Share:

Leave a Comment