भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। दिन के साथ-साथ अब रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। प्रदेश में कई स्थानों पर दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि रात का पारा भी 27 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार को ग्वालियर समेत 10 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर जिलों में लू का अलर्ट है। इससे पहले मंगलवार को खजुराहो और नर्मदापुरम प्रदेश के सबसे गर्म स्थान रहे। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। सीधी में 42.6 डिग्री, नौगांव में 42.5 डिग्री, रायसेन में 42.2 डिग्री, रतलाम में 42 डिग्री, नरसिंहपुर और सतना में 41.6 डिग्री, टीकमगढ़ और रीवा में 41.5 डिग्री, दमोह में 41.4 डिग्री, सागर में 41.3 डिग्री, उमरिया और दतिया में 41.2 डिग्री, मंडला में 41 डिग्री, गुना में 40.7 डिग्री, धार में 40.6 डिग्री, श्योपुर में 40.4 डिग्री और शाजापुर में 40.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में 40.6 डिग्री, भोपाल में 40.2 डिग्री, इंदौर में 39.9 डिग्री, ग्वालियर में 40.2 डिग्री और उज्जैन में 40 डिग्री तापमान रहा। प्रदेश में वॉर्म नाइट की स्थिति भी बनी हुई है। भोपाल समेत कई शहरों में रात का तापमान 25 से 27 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री अधिक हो और दिन का तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर रहे, तो इसे वॉर्म नाइट कहा जाता है। फिलहाल प्रदेश में सीवियर वॉर्म नाइट की स्थिति नहीं है। मंगलवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में हल्के बादल भी छाए रहे। सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में ट्रफ के प्रभाव से यह स्थिति बनी। गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवायजरी जारी की है। लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने को कहा गया है। :